क्षेत्र के उचौरी स्थित केदार नारायण कृषक इंटर कालेज में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की जगह द्वितीय प्रश्नपत्र का पर्चा बांटने को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मंगलवार की देर रात जिला विद्यालय निरीक्षक ह्रदयराम आजाद ने खानपुर में केंद्र व्यवस्थापक सहित चार के खिलाफ पेपर लीक करने के आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 16 मार्च से जारी है। मंगलवार को पहली पाली में इंटर के छात्रों की अर्थशास्त्र द्वितीय प्रश्नपत्र एवं दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा थी। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान क्षेत्र के उचौरी स्थित केदार नारायण कृषक इंटर कालेज में भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की जगह द्वितीय प्रश्नपत्र का पर्चा परीक्षार्थियों को वितरित कर दिया गया। प्रथम प्रश्नपत्र की जगह द्वितीय प्रश्नपत्र बांट दिए जाने की जानकारी होते ही विद्यालय में हड़कंप मच गई। इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक को दी गई। उन्होंने तत्काल बोर्ड को गलत प्रश्नपत्र बंट जाने की जानकारी दी।
गलत प्रश्नपत्र बंटने से जिले के 313 परीक्षा केंद्रों में से 161 केंद्र प्रभावित हुए। गलत प्रश्नपत्र बांटे जाने की सूचना मिलते ही माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बुधवार की भोर में 161 केंद्रों के लिए नई सिरीज का भौतिक विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिया।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने केंद्र व्यवस्थापक एवं तीन अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रात लगभग सवा 11 बजे विद्यालय के प्रबंधक कृष्णप्रताप सिंह, पन्नालाल, सुशील सिंह, पंकज सिंह के खिलाफ परीक्षा में अनियमितता को लेकर मुकदमा दर्ज कराया। चारो लोगों पर 8/10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम एवं 98 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उपलब्ध कराए गए फ्रश्नपत्र का वितरण आज राजकीय सिटी इंटर कालेज से किया गया। संबंधित केंद्रों को सूचना देकर बुलाया गया था।