दो तस्कर 15- 15 हजार के इनामी, आठ पशु बरामद
तमंचा, छह कारतूस, पिकअप और बाइक भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मागत इंटर कालेज के सामने शनिवार की रात हुए मुठभेड़ में पुलिस और स्वाट की संयुक्त टीम ने 15- 15 हजार के दो इनामी सहित चार पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बिहार तस्करी के लिए पिकअप पर जा रहे आठ पशुओं के अलावा एक बाइक बरामद किया। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं गिरफ्तार दोनों तस्करों से पूछताछ करने के साथ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बीते कई दिनों से जनपद में गो तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। इसको लेकर पुलिस के द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही थी। स्वाट टीम और दुल्लहपुर की संयुक्त टीम द्वारा अमारी गेट पर चेकिंग कर रही थी। रात करीब 10.50 बजे पुलिस द्वारा दुल्लहपुर थानाध्यक्ष प्रवीण यादव को सूचना दी गई कि भुड़कुड़ा के तरफ से सफेद रंग की एक पिकअप तेज रफ्तार से जा रही है, जिस पर पशु लदे हुए हैं। सूचना पर सक्रिय संयुक्त टीम पिकअप को रोकने का प्रयास करने तो उसमें सवार तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी गई।
टीम ने घेराबंदी और पीछा किया गया तो धर्मागत इंटर कॉलेज के सामने पिकअप सवार और रेकी कर रहे पल्सर सवार पशु तस्करों द्वारा फिर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम द्वारा फायरिंग की गई, जिससे पिकअप में सवार तस्कर तथा रेकी कर रहे पल्सर सवार पीछे बैठे पशु तस्कर के पैर में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार पशु तस्करों में नोनहरा थाना क्षेत्र के नोनहरा गांव निवासी खुर्शीद खान और करंडा थाना के आनापुर सरया गांव निवासी राहुल चौहान है। इन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि दो अन्य तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने अपना नाम सादात थाना के बड़ागांव निवासी चंदन यादव और नोनहरा थाना के पारा गांव निवासी योगेश यादव बताया।
पशु तस्करों के पास से चार तमंचे, चार खोखे, छह कारतूस, पिकअप आठ पशु और एक पल्सर बाइक बरामद किया गया। इधर जानकारी मिलते ही एसपी ओमवीर सिंह और एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी लेने के साथ मातहतों को दिशा- निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस तस्करों का अपराधिक रिकार्ड खंगालने में जुटी हुई है।