पशु तस्करी को पूरी तरह से रोकने के लिए हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं की पहल रंग लाती नजर आ रही है। कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस के सहयोग से आए दिन मवेशियों की गाडि़यां पकड़ी जा रही हैं। इसी कड़ी में गुरुवार की रात शहर के रजागंज पुलिस चौकी के पास हिंयुवा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सहयोग से चार पशु तस्करों को पकड़ते हुए मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ा। ट्रक में 31 जिंदा और दो मृत भैंस पाई गई। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
गुरुवार की रात करीब 9.30 बजे कार्यकर्ताओं को रौजा की तरफ से आता हुआ ट्रक नजर आया। इस पर उन्हें मवेशियों के लदे होने का संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस के साथ ट्रक का पीछा किया और हमीद सेतु स्थित बैरियर के पास ट्रक को रोक लिया। देखा गया तो ट्रक पर 25 भैस आड़े-तिरछे लादे गए थे। दबने से दो भैंसों की मौत हो चुकी थी। पुलिस चार तस्करों और ट्रक सहित मवेशियों को विशेश्वरगंज चौकी लाई। कोतवाली प्रभारी श्रीप्रकाश दुबे ने बताया कि मवेशियों को लोगों को दे दिया गया है।
जख्मी भैंसों का कराया इलाज
तस्करी के लिए ले जाए रहे मवेशियों को पकड़ने की जानकारी होते ही शुक्रवार की सुबह आप नेता ब्रजभूषण दुबे कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विशेश्वरगंज स्थित पुलिस चौकी पहुंचे। ट्रक में एक पर एक लादे जाने से करीब एक दर्जन भैंसें गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं। कई भैंस बैरिकेडिंग के बोर्ड में रस्सी सहित फंसी थीं। उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को फोन कर बुलाया। बाद में पशु चिकित्सकों को बुलाकर जख्मी भैंसों का उपचार करवाया गया।