देवकली। नंदगंज थाना क्षेत्र के सोन्हुली गांव स्थित एक निजी इंटर कालेज के सामने रविवार की देर रात चोरों ने किराना स्टोर का ताला तोड़कर साढ़े चार लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रसूलपुर पचरासी गांव निवासी मधुकर पांडेय एक निजी इंटर कालेज के सामने मकान में किराने की दुकान चलाते हैं। खाना खाकर वह सो रहे थे। देर रात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर 150 बोरी अरहर की दाल, 80 टीन रिफाइन तेल, 15 बोरी चीनी, चना समेत अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह चार बजे जब दुकानदार की नींद खुली तो गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। जब वह दुकान में पहुंचे तो करीब साढ़े चार लाख का किराना का सामान गायब था। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के साथ तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।