दुबिहा। वाराणसी-छपरा रेल मार्ग पर पड़ने वाला करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन आदर्श स्टेशन में शुमार है। इसके बावजूद यहां यात्री सुविधाओं में अभी तक बहुत सुधार नहीं हो सका है। फुट ओवरब्रिज अब तक न बन पाने से यात्रियों को ट्रैक पारकर प्लेटफार्म पर आना-जाना पड़ रहा है।
स्टेशन से करइल एवं बांगर के लगभग 15 किलोमीटर दूर के चालीस गांवों के लोग रोजाना यात्रा करते हैं।
स्टेशन के आंकड़ों के मुताबिक एक महीने में लगभग आठ से दस हजार लोग यात्रा करते हैं जिससे लगभग तीन से चार लाख रुपये की आय होती है।
बावजूद इसके सुविधाएं न होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। ट्रैक का दोहरीकरण होने के बाद इस रेल खंड पर इलेक्ट्रिक ट्रेनों का आवागमन शुरू है। यहां पर तीन जोड़ी एक्सप्रेस के अलावा तीन जोड़ी सवारी गाड़ियों का ठहराव होता है।
तीन वर्ष से बन रहा फुट ओवरब्रिज अभी भी निर्माणाधीन है। अभी तक इसकी सीढि़यां नहीं बन पाई है। इसके चलते दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने के लिए यात्रियों को ट्रैक पार कर जाना पड़ता है।
समस्या की वजह से बुजुर्ग, महिला एवं बच्चों को ट्रैक पार करने में दिक्कत होने के साथ ही किसी अनहोनी का हमेशा भय बना रहता है। स्टेशन अधीक्षक अनिल राय ने बताया कि फुटओवर ब्रिज का कुछ निर्माण शुरु हुआ है। अभी फिनिशिंग शेष है।