गाजीपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को सादात बाजार की दो दुकानों और नगर के लंका स्थित एक दुकान पर छापेमारी कर तीन नमूना संग्रहित किया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी अजीत मिश्रा ने बताया कि खाद्य एवं पेय पदार्थों विशेष कर दूध, घी एवं खाद्य तेल में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही विभाग की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। इस कड़ी में सादात बाजार स्थित एक दुकान से देशी घी और दूसरी दुकान से दूध का टेट्रा पैक सैम्पल के लिए संग्रहित किया गया। उन्होंने बताया कि शहर के लंका स्थित एक दुकान से बटर का नमूना लिया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश कुमार, राजीव कुमार सिंह, श्रीराम यादव, एसपी यादव शामिल रहे। खाद्य पदार्थ की दुकानों पर छापेमारी से व्यापारियों में खलबली मच गई। अन्य दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए।