सुहवल। थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव के शेषनाथ राम पटेल ने खाते से पांच लाख रुपये ठगी का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार की शाम अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटीे हुई है। सुहवल गांव निवासी शेषनाथ राम पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते छह सितंबर को उनके मोबाइल पर आए मेसेज से 4,40000 रुपये निकासी की जानकारी मिली जबकि उन्होंने कोई लेन-देन नहीं किया था। इससे घबराकर उन्होंने तत्काल एसबीआई के कस्टमर केयर पर कॉल किया, लेकिन इस कॉल के चंद मिनटों बाद ही खाते से 60,000 रुपये और निकासी का मेसेज आया। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने तत्काल साइबर ठगी की शिकायत साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जिस दिन यह ट्रांजेक्शन हुआ, उस दिन मिश्रबाजार स्थित एसबीआई मुख्य शाखा में नेट बैंकिंग का सिस्टम डाउन था। इसके बाद भी इतनी बड़ी रकम का आरटीजीएस ट्रांजेक्शन हो जाना सीधे तौर पर बैंक की लापरवाही को दर्शाता है। थाने प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।