प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रति व्यक्ति हर माह पांच किलो राशन दिया जाएगा। इसके लिए अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी योजना के लोग पात्र होंगे। 15 जून तक इसका वितरण कराया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि वर्तमान में प्रचलित अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी योजना के कार्डो पर प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न (तीन किग्रा गेहूं एवं दो किग्रा चावल) नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। उचित दर विक्रेता सुबह छह से रात नौ बजे तक ई-पॉस मशीन से इसका वितरण कराएंगे। बताया कि तकनीकी कारणों से जिन कार्डधारकों का 14 जून तक आथेन्टिकेशन नहीं हो पाएगा वह 15 को अपने उचित दर विक्रेता से आधार कार्ड-निर्वाचन कार्ड या अन्य कोई मान्य अभिलेख तथा मोबाइल नंबर दर्ज कराकर मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के माध्यम से अनाज ले सकेगा। डीएसओ ने विक्रेताओं को हिदायत दी है कि वह हर हाल में राशन बांटते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराएं।