सेवराई। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के उसिया ग्रामसभा में स्थित मायापुरी बस्ती में शनिवार की रात शार्ट सर्किट से आग लगने से दो भाइयों की पांच झोपड़ियां जलकर राख हो गई। इस घटना में जहां 20 मुर्गियों की मौत हो गई। वहीं दस हजार नगदी सहित हजारों का सामान आग की भेंट चढ़ गया।
मालूम हो कि सेवराई तहसील क्षेत्र के उसिया ग्रामसभा स्थित मायापुरी बस्ती निवासी जंगबहादुर राम की झोपड़ी में शनिवार की रात करीब दस बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक लोग आग बुझाने की कोशिश करते, तब तक बगल में स्थित उसके भाई बगेसर राम की झोपड़ी से भी आग की लपटें उठने लगी। परिवार के लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और आग-आग का शोर मचाने लगे। आवाज सुनाकर पास-पड़ोस के लोग घरों से निकलकर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मोटर चलाकर और हैंडपंप के सहारे काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में दो भाइयों की पांच झोपड़ियां राख में तब्दील हो गई। 20 मुर्गियों का जहां मौत हो, वहीं दो बछड़े झुलस गए। आग बुझाने में बिंदा देवी पत्नी बगेसर एवं उनका पुत्र जय कुमार (17) भी झुलस गया। साइकिल, बर्तन, दो कुंतल अनाज और दस हजार नगदी सहित हजारों का गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना पाकर पहुंचे हल्का लेखपाल सिद्धनारायन उपाध्याय ने उच्चधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सामाजिक कार्यकर्ता सोहेल खान राजू ने पीड़ित परिवार को सहायता मुहैया कराई। उप जिलाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पीड़ित परिवार को भोजन और राशन की व्यवस्था तत्काल करा दी गई है। हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।