राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परास्नातक एमए-एमएससी की काउंसलिंग का पहला चरण पूरा हो गया है। आरक्षित वर्ग (ईडब्ल्यूएस, एससी-एसटी) की कुछ सीटों को छोड़कर एमएससी बॉटनी की सभी मूल सीटें भर गई हैं।
वहीं, एमए में अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास, हिंदी, गृहविज्ञान और राजनीति विज्ञान विषयों में काउंसलिंग के बाद भी सीटें रिक्त हैं। काउंसलिंग में शामिल न होने वाली छात्राएं 10 अगस्त को उपस्थित होकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करा लें।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभूशरण प्रसाद ने बताया कि एमए प्रथम वर्ष में सीटें रिक्त होने के कारण प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 अगस्त कर दी गई है। इच्छुक एवं अर्ह छात्राएं ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संबंधित विषय के प्रभारी से संपर्क कर सीटें रिक्त रहने और विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल खुले रहने तक प्रवेश सुनिश्चित करा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में बीए और बीएससी में नवप्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन और प्रवेश काउंसलिंग की तिथि भी 14 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। इच्छुक एवं अर्ह छात्राएं प्रतिदिन दोपहर एक से दो बजे के बीच महाविद्यालय में प्रवेश प्रभारी से संपर्क कर प्रवेश करा सकती हैं।