सादात रेलवे स्टेशन रोड पर सोमवार की रात अज्ञात कारणों से गुमटी में आग लग गई। इस घटना में गुमटी के अंदर सो रहे मोची की झुलसने से मौत हो गई। इस घटना की जानकारी होने पर परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
क्षेत्र के सरैयां निवासी मेवा राम (65) कई वर्षों से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क किनारे शिव मंदिर के निकट गुमटी रखकर मोची का काम करता था। वह जूता-चप्पल बनाने के साथ ही बैग-झोला आदि की सिलाई करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार की रात अज्ञात कारणों से गुमटी में आग लग गई। उस समय मेवा राम गुमटी के अंदर सोया था। घटना के दौरान आसपास कोई मौजूद नहीं था जिससे गुमटी जलकर राख हो गई और गंभीर रूप से झुलसे मोची की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बीते कुछ महीनों से वह अक्सर गुमटी में ही सो जाता था। घटना के दौरान स्थानीय चेयरमैन प्रतिनिधि राजनाथ यादव कहीं से निमंत्रण करके लौटे तो उन्होंने अपने आवास के सामने स्थित गुमटी को जलते देखकर शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मेवा के परिजनों को दी गई। घटना के बाद उसकी पत्नी पार्वती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मेवालाल का पुत्र रामसेवक राम बाहर रहकर नौकरी करता है। इस घटना में गुमटी में रखी वार्ड संख्या आठ निवासी गुरु प्रसाद पटवा की गुमटी व ठेला जलकर नष्ट हो गया। थानाध्यक्ष शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि इस घटना की सूचना नहीं मिली है।