नंदगंज। थाना क्षेत्र के आलमपुर धुमनी गांव में रविवार की दोपहर में अज्ञात कारणों से चार रिहायशी मड़ई में आग लग गई। आग की घटना में मड़ई में रखा लाखों रुपये का गृहस्थी का सामान जलने के साथ छह मवेशियों की झुलसने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक ने चारों पीड़ितों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक मदद के साथ आवास मुहैया कराने का आश्वासन दिया। नंदगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर धुमनी निवासी कपिलदेव बिंद रविवार की दोपहर काम के चलते गांव से बाहर गया हुआ था। इसी बीच अज्ञात कारणों से उसकी मड़ई में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मड़ई में बंधी एक बकरी, बकरा झुलस गया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते आग ने पास में लक्ष्मण बिंद की मड़ई को अपने जद में ले लिया। आग की घटना में एक भैंस, एक गाय का बछड़ा, वहीं संतोष बिंद की मड़ई में बंधी एक बकरी की झुलसने से मौत हो गई। इस घटना में मड़ई में रखा गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। आग की घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। उधर सूचना पर मौके पर पहुंचे सैदपुर के विधायक सुभाष पासी ने पीड़ित परिवार को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। साथ ही सभी लोगों को आवास दिलाने का आश्वासन दिया।