ढढ़नी भानमल राय गांव स्थित दुकान में लगी आग। संवाद
थाना क्षेत्र के ढढ़नी भानमल राय गांव में चंडी माता मंदिर मार्ग स्थित पूजा सामग्री की दुकान में मंगलवार तड़के अज्ञात कारणों से आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार विमलेश कुमार ने बताया कि वह सोमवार देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख उन्हें सूचना दी।
इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।