दुल्लहपुर। भुड़कुड़ा कोतवाली के जलालपुर धनी चट्टी स्थित पान की दुकान पर शनिवार को खड़े युवक को जान से मारने की नियत से बाइक सवार हमलावर ने फायर झोंक दिया। संयोग रहा कि युवक की जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद आरोपी को उसके घर से धर-दबोचा। साथ ही पिस्टल, कारतूस, खोखा और बाइक भी बरामद कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया। कोतवाल शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि सदरजहांपुर गांव निवासी राजकुमार वर्मा की एक माह पूर्व दादी का देहांत हो गया था। तेरहवीं में चप्पल पहनकर खाना चला रहे विपिन यादव को राजकुमार ने टोक दिया था। यह बात उसे नागवार लगी थी। राजकुमार वर्मा देर शाम बाजार में खरीदारी कर रहा था। इस दौरान विपिन ने राजकुमार को बुलाया। वह चट्टी स्थित एक पान की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान विपिन और सत्येंद्र गिरी उर्फ गुड्डन बाइक से वहां पहुंचे और सत्येंद्र गिरी ने जान से मारने की नियत से राजकुमार पर पिस्टल से फायर झोंक दिया। इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करने के साथ शाहबपुर गांव निवासी आरोपी सत्येंद्र गिरी को उसके घर पर देर रात दबिश देकर एक पिस्टल और एक कारतूस के साथ घटना में प्रयुक्त बाईक भी बरामद कर लिया। साथ ही घटना स्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया। बताया कि गिरफ्तार सत्येंद्र गिरी दुल्लहपुर थाने और भुड़कुड़ा कोतवाली का वांछित है। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।