गाजीपुर। शहर कोतवाली के खांवपुर के पास वाहन चेकिंग के दौरान रविवार की रात खनन अधिकारी सहित दो को मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। सोमवार की देर शाम 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी ईश्वरचंद ने तहरीर देकर जानकारी दी कि भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय उत्तर प्रदेश खनिज भवन लखनऊ के निर्देश पर सोनभद्र क्षेत्रीय कार्यालय के भूवैज्ञानिक/प्रभारी अधिकारी अनुज कुमार, लखनऊ के रसायन सहायक शिवम शुक्ला और खनन अधिकारी ईश्वरचंद शहर कोतवाली के खांवपुर के पास रविवार की रात चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान गिट्टी सैण्ड स्टोन लदे एक वाहन को रोककर टीम ने चालक से कागजात मांगा। इस पर चालक वाहन को लेकर भाग गया। टीम ने जब पीछा किया तो कुछ दूर पर चालक वाहन छोड़कर सड़क से खाई में कूदकर भागने का प्रयास करने लगा। इससे चालक को चोट आ गई और वह घायल हो गया। चेकिंग टीम व प्रवर्तन दल ने उक्त घायल चालक को एंबुलेंस से इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। इस दौरान चालक/वाहन स्वामी ने 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा आकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाते हुए चेकिंग टीम को गाली देने लगे। अज्ञात आरोपियों ने खनन अधिकारी व उनके चालक को मार पीट कर घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। खनन अधिकारी ईश्वरचंद ने तहरीर देकर अज्ञात वाहन स्वामी सहित 12 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि खनन अधिकारी ईश्वरचंद के तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।