रेवतीपुर। बाजार स्थित यूबीआई बैंक के अंदर से दो दिन पहले एक वृद्ध के पॉकेट से हुए 50 हजार रुपये की उचक्कागिरी के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि बीते मंगलवार को भूपतचक निवासी वृद्ध सुभाष कुशवाहा पुत्र रोहित की 7 मई को होने वाली शादी की तैयारियों के लिए पैसे निकालने बैंक पहुंचे थे। बैंक कर्मियों द्वारा एक बार में 50 हजार रुपये न दिए जाने पर उन्होंने एक रिश्तेदार से 50 हजार रुपये मंगवाया और उन्हें अपने कुर्ते की जेब में रख लिया। इसके बाद उन्होंने बैंक से 20 हजार रुपये और निकाले। जब वह बैंक से बाहर निकले, तो उनकी जेब से रखे 50 हजार रुपये गायब थे, जबकि हाथ में लिए बैंक से निकाले गए 20 हजार रुपये सुरक्षित थे। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।