कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के वेदविहारी पोखरा चट्टी पर मिठाई एवं चाय विक्रेता के साथ मारपीट और शिखा उखाड़ने के प्रयास के मामले में पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की गई है। शुक्रवार की रात पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर होमगार्ड के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिक की दर्ज कर ली। वहीं, मारपीट में शामिल हेड कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। मामले की विभागीय जांच बैठा दी गई है।
वेद बिहारी पोखरा चट्टी निवासी मिठाई एवं चाय के दुकानदार नीरज कुशवाहा ने तहरीर देकर कोतवाली के अंदर होमगार्ड सर्वेश सिंह पर मारपीट करने और शिखा उखाड़ने का आरोप लगाया था। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा ने कासिमाबाद सीओ अनुभव राजर्षि को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने बताया कि जांच में होमगार्ड दोषी पाया गया है। ऐसे में पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर होमगार्ड सर्वेश सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। साथ ही हेड कांस्टेबल विश्वजीत चौधरी द्वारा अनुशासनहीनता करने के मामले में तत्काल प्रभाव से पुलिस अधीक्षक द्वारा लाइन हाजिर कर दिया गया है।