नगर में बीते दिनों लगातार 35 घंटे तक की गई बिजली कटौती के मामले में नया मोड़ आ गया है। प्रकरण में उप जिलाधिकारी भगवानदीन की तहरीर पर एक्सईएन, एसडीओ सहित आठ के खिलाफ शुक्रवार को कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जबकि उनकी विभागीय जांच भी कराई जा रही है। कटौती को लेकर लोगों ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी। जिसे गंभीरता से लेते जिलाधिकारी ने विभागीय जांच के साथ ही मजिस्ट्रटी जांच का आदेश भी दे दिया है।
डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को उप जिलाधिकारी भगवानदीन की दी गई तहरीर में एक्सईएन अभिषेक कुमार, एसडीओ अभिषेक मिश्रा, अवर अभियंता अकबर अली, लाइनमैन अबरार अहमद, ठेकेदार अखिलेश यादव, सुनील जायसवाल, गणेश सिंह कुशवाहा तथा अजय यादव शामिल हैं। विभागीय जांच चीफ इंजीनियर वाराणसी आरपी शर्मा कर रहे है। वह बुधवार को गाजीपुर आकर संबंधित कागजात भी साथ ले गए हैं।
विभाग के जानकारों की माने तो कुछ दिन पहले कुछ अधिकारियों ने मोटी रकम लेकर जमीन की खरीद-बिक्री करने वालों के एक भूखंड से हाईटेेंशन तार के पोल को हटाने का जिम्मा लिया था। इसे लेकर नगर के जर्जर विद्युत पोल और तार को दुरूस्त करने का काम शुरू किया गया। इसके लिए 12 घंटे की इमरजेंसी कटौती कर पूरे नगर की बिजली काट दी गई। लेकिन काम नहीं हुआ। बिजली की आपूर्ति न शुरू होने पर लोग सड़क पर उतर गए। शिकायत के बाद काबीना मंत्री विजय मिश्रा ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी थी। जिस पर डीएम ने उक्त कार्रवाई कराई।