बहादुरगंज/कासिमाबाद। मुख्तार अंसारी के गैंग आईएस-191 के सहयोगी, डी-131 गैंग के सरगना और बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी पर सोमवार को देर शाम जान से मारने की धमकी देने की प्राथमिकी पुलिस ने दर्ज की है। अब इसके खिलाफ प्राथमिकी की संख्या 14 से ज्यादा हो गई है। पीड़ित मरछू चौहान की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बहादुरगंज निवासी मरछू चौहान ने तहरीर में बताया कि अब्दुलपुर में मेरी जमीन पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी ने कब्जा कर फार्म हाउस बना लिया है। उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। इसके बाद कासिमाबाद कोतवाली में वर्ष 2023 में रेयाज अहमद अंसारी पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले में पुलिस ने बहादुरगंज के वार्ड नंबर 11 दक्षिण टोला निवासी रेयाज अहमद अंसारी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार कर लिया था। मरछू ने आरोप लगाया कि जमानत पर जेल से छूटने के बाद रेयाज अहमद सुलह करने का दवाब बना रहा है। 27 दिसंबर को शाम चार बजे सुलह न करने पर जान से मारने की धमकी दी।
कोतवाल राजनारायण ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुख्तार अंसारी के गैंग आईएस-191 के सहयोगी, डी- 131 गैंग के सरगना और बहादुरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
000
एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में दर्ज है प्राथमिकी
बहादुरगंज/कासिमाबाद। कोतवाल राजनारायन ने बताया कि रेयाज अहमद अंसारी के खिलाफ कासिमाबाद में अधिकांश प्राथमिकी दर्ज है। कासिमाबाद कोतवाली में रेयाज के खिलाफ करीब 14 से अधिक प्राथमिकी है। इसमें 120बी, गैंगस्टर एक्ट, प्राथमिकी दर्ज है।