बिजली निगम की ओर से शनिवार को नगर और मुहम्मदाबाद में मार्निंग रेड अभियान चलाया गया। दोनों जगहों पर 41 लोगों को अवैध ढंग से बिजली जलाते हुए मिलने पर एफआईआर दर्ज कराई गई। बकाया न जमा करने पर 76 बिजली कनेक्शन काटे गए।
बिजली निगम की ओर से गठित चार टीमों की ओर से नगर के विभिन्न मुहल्लों में माॅर्निंग रेड की गई। अभियान के दौरान लोग अभी सोए हुए ही थे कि बिजली निगम की टीम उनके घरों पर धमक पड़ी। सुबह छह से लेकर 10 बजे तक अभियान चला।
नगर में 20 लोगों को अवैध ढंग से बिजली जलाते हुए पकड़ा गया। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं मुहम्मदाबाद के यूसुफपुर में 21 लोगों को अवैध ढंग से बिजली जलाते हुए पाया गया। इनके खिलाफ भी एफआईआर की कार्रवाई की गई।
साथ ही नौ लाख रुपये बकाया की वसूली की गई। अभियान के दौरान बिजली निगम के अभियंताओं के साथ ही विजिलेंस की टीम भी मौजूद रही।
बिजली निगम के अभियान के कारण संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप मचा रहा।