गाजीपुर। गंगा प्रसाद राम प्रसाद यादव इंटर कॉलेज, रूहीपुर में फर्जी पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) के जरिए पेंशन और ग्रेच्युटी लेने के मामले में पुलिस ने कॉलेज के 13 सेवानिवृत्त तदर्थ शिक्षकों के प्राथमिकी दर्ज की है। शहर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि कॉलेज के प्रबंधक रामवृक्ष यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि आदर्श विद्यापीठ, रुहीपुर द्वारा संचालित गंगा प्रसाद राम प्रसाद यादव इंटर कॉलेज, रूहीपुर में फर्जी पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) के जरिए कॉलेज के 13 सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी खजाने से भुगतान प्राप्त किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), पंचम मंडल वाराणसी के पत्र के आधार पर कॉलेज प्रबंधन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। जांच में सामने आया कि कुछ सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने कथित रूप से फर्जी पीपीओ तैयार कराकर कोषागार से पेंशन और ग्रेच्युटी की धनराशि प्राप्त की। शहर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सेवा में रहते वेतन के साथ ले रहा था पेंशन, जांच में खुली पोल
गाजीपुर। गंगा प्रसाद राम प्रसाद यादव इंटर कॉलेज, रूहीपुर में फर्जी पीपीओ (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) के जरिए पेंशन और ग्रेच्युटी लेने के मामले में जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। आरोप है कि एक शिक्षक सेवा में रहते हुए वेतन के साथ-साथ फर्जी तरीके से पेंशन का भी लाभ ले रहा था। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि रमदूपुर, मिर्जापुर निवासी अशोक कुमार पांडेय वर्तमान में गंगा प्रसाद राम प्रसाद यादव इंटर कॉलेज में शिक्षक पद पर कार्यरत हैं और नियमित वेतन प्राप्त कर रहे हैं। जांच में सामने आया कि इसके बावजूद वह कथित रूप से फर्जी तरीके से पेंशन का भी भुगतान ले रहे थे। डीआईओएस ने बताया कि मामले की जांच में अनियमितता उजागर होने के बाद अशोक कुमार पांडेय समेत 13 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।