जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के पटलों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही कार्यालय में उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर बायोमैट्रिक मशीन पर भी उपस्थिति सुनिश्चित कराने और समय से कार्यालय पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक पटल सहायक को निर्देश दिया कि जो भी फाइलें निस्तारण के लिए मिली हैं उसका तत्काल या तीन दिनों के अंदर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जिससे किसी भी आम जन को समस्याओं को सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्ट्रेट स्थित जिला सचिवालय में सफाई एंव फाइलों का रख रखाव सही ढंग से नहीं होने के कारण नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कार्यालय में फाइलों का रख रखाव ठीक से करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर मे उगे घास व बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को देखते हुए सख्त हिदायत दी और साफ-सफाई के साथ पार्किग को व्यस्थित कराने का निर्देश दिया। मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अरूण कुमार सिंह, अपर उपजिलाधिकारी एवं अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।