संवाद न्यूज एजेंसी
घायलों की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव स्थित बलुआ टोला में शुक्रवार की देर शाम जलनिकासी की समस्या के निस्तारण के लिए पहुंचकर जमीन की पैमाइश कर रहे क्षेत्रीय लेखपाल मृत्युंजय राय एवं राजस्व निरीक्षक राकेश राय को दबंगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों कर्मचारियों ने गांव के ही तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस दोनों घायलों को रेवतीपुर सीएचसी लेकर आई, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं घटना की जानकारी होते ही लेखपाल संघ के पदाधिकारी थाने पहुंचे और 24 घंटे में हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
साथ ही चेताया कि अगर नियत समय में गिरफ्तारी नहीं हुई तो लेखपाल संघ कलमबंद हड़ताल करने के साथ ही धरना- प्रदर्शन करेगा। घायल राजस्व निरीक्षक राकेश राय एवं लेखपाल मृत्युंजय राय ने बताया कि बलुआ टोला में पिछले एक साल से जलनिकासी वाले मार्ग पर कुछ लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की थी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने राजस्व कर्मियों की टीम गठित कर पैमाइश का निर्देश दिया था। इसके क्रम में मौके पर पहुंचकर पैमाइश शुरू कराया गया।
इस बीच वहां मौजूद तीन चार लोगों ने एवं जान से मारने की धमकी देने लगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है, जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।