जमीन को बचाने के लिए लड़ेंगे आर-पार की लड़ाई
जमीन बचाओ संघर्ष समिति ने गोरा बाजार में आवास बनाने वालों को नोटिस दिए जाने के विरोध में आस्तीन चढ़ा ली है। रविवार को गोराबाजार में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उनके हितों की अनदेखी की गई तो क्षेत्र के लोग चुप नहीं बैठेंगे। प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में एकजुट होकर संघर्ष करने का निर्णय लिया गया।जमीन बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों की बैठक रविवार को पीजी कालेज चौराहे के पास हुई।
इसमें एनजेडए छावनी लाईन गोराबाजार स्थित छह मकानों को गिराने की नोटिस की निंदा करते हुए 27 मई को पीजी कालेज चौराहे पर एकत्र होकर मकान गिराने का विरोध करने का निर्णय लिया गया।इस अवसर पर सपा नेता दिनेश सिंह यादव ने कहा कि यह प्रकरण जिले के सभी मंत्रियों के संज्ञान में है और वह इस समस्या का हल निकालने के लिए जिलाधिकारी से लगातार वार्ता कर रहे हैं।
जल्द ही प्रदेश के राजस्व मंत्री शिवपाल यादव से मिलकर इस समस्या का निराकरण कराया जाएगा। कहा कि पूर्व राजस्व मंत्री को इस समस्या से अवगत कराया गया था। इस पर तत्कालीन जिलाधिकारी ने अपनी रिर्पोट प्रमुख सचिव राजस्व को भेजी थी जिस पर शासन की ओर से कार्रवाई चल रही है। इस मौके पर डा. भानु प्रताप सिंह, डा. सीपी दीक्षित, रामाश्रय राजभर, अशोक मौर्या, आनंद सिंह, सुभाष यादव, राजू बिंद, लाल बहादुर, विनोद राम, शिव यादव, जगदीश यादव, रामाश्रय कुशवाहा आदि रहे।