एसपी कार्यालय में सुभासपा के कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती महिला पुलिस कर्मी। स्रोत वीडियो ग्रैब
गाजीपुर। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली की ओर से महाराजा सुहेलदेव राजभर पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाकर सुभासपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर के नेतृत्व में बुधवार को एसपी कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे। इस दौरान एक महिला कांस्टेबल ने एक कार्यकर्ता को थप्पड़ जड़ दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। देर शाम सुभासपा के जिलाध्यक्ष और सीओ सिटी ने पुलिस मीडिया ग्रुप पर बयान दिया कि यह घटना गलतफहमी के चलते हुई है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
कार्यकर्ता दोपहर करीब 12.30 बजे एसपी कार्यालय पहुंचे थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कार्यकर्ता एसपी कक्ष के सामने गेट के पास सीढि़यों पर खड़े हैं। इसी दौरान एक महिला कांस्टेबल एक सुभासपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने लगी। इसके बाद कार्यकर्ता एसपी को ज्ञापन सौंपकर सरजू पांडेय पार्क पहुंच गए। इसके बाद पिटने वाला कार्यकर्ता भी शर्ट बदलकर सरजू पांडेय पार्क पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देख पुलिस महकमे और सुभासपा कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई। देर शाम सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर और सीओ सिटी का बयान पुलिस मीडिया ग्रुप पर जारी हुआ। इसमें दोनों लोगों ने गलतफहमी के कारण यह घटना होने की बात कही है।