दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के सिवान में अतिप्राचीन और ऐतिहासिक मंदिर गोरिल बाबा तक जाने का रास्ता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के बनने से बंद हो जाने से नाराज किसानों ने शनिवार को ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का कार्य रोक दिया और धरने पर बैठ गए।
किसानों ने कहा कि गोरिल बाबा तक जाने के लिए जब तक कलवट का निर्माण नहीं होगा। तब - तक धरने पर बैठे रहेंगे और कार्य नहीं होने देंगे। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय अधिकारी एनएचआई एसबी सिंह ने पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों का धरना समाप्त हुआ। मालूम हो कि निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे जाने से राजापुर ग्राम पंचायत के अतिप्राचीन और ऐतिहासिक मंदिर गोरिल बाबा तक जाने का रास्ता बंद हो जा रहा है। वहीं इस गांव के खेत भी एक्सप्रेस-वे के दूसरी तरफ है, जिसमे खेती के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ेगी। ग्रामीणों की मांग थी कि अगर यहां कलवट का निर्माण नहीं हुआ तो गोरिल बाबा मंदिर का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। इस गांव के लोग किसी भी कार्य का शुभारंभ गोरिल बाबा की पूजा के बाद करते है और यहां एक बृहद मेला भी लगता है। एनएचआई के क्षेत्रीय अधिकारी एसबी सिंह ने कहा कि इस सड़क से कितने लोग वहां प्रतिदिन गुजरते है और कितने लोगों का आवागमन है इसको ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही यहां उचित प्रबंध कराने का प्रयास किया जाएगा।