नंदगंज थाना के सहेड़ी गांव में बिजली गिरने से किसान की मौत के बाद रोती बिलखती महिलाएं।
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। थाना क्षेत्र के सहेड़ी गांव में शनिवार की सुबह 10 बजे बिजली की चपेट में आने से किसान विजय शंकर यादव (55) की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहेड़ी गांव निवासी विजय शंकर यादव (55) पुत्र चरित्र यादव शनिवार की सुबह दस बजे अपना गेहूं का खेत देखने गए थे। इस बीच अचानक मौसम खराब हो गया और बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ वर्षा होने लगी। इस दौरान विजय शंकर यादव आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इससे वह पूरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कुछ घंटे बाद गांव का दूसरा आदमी उधर गया, तो देखा कि खेत में विजय शंकर मृत पड़े हैं। उसने उनके परिवार को यह खबर दी। मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक का पुत्र आशीष यादव ने थाने में तहरीर देकर पिता के आकाशीय बिजली से मरने की सूचना दी। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया। मौत की खबर सुन घर में कोहराम मच गया। विजय शंकर के चार लड़के और एक लड़की हैं। मृतक की पत्नी केशरी देवी एवं बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।