करंडा। थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव के सिवान स्थित धान की खेत में रविवार को एक किसान की हत्या कर शव फेंका मिला। गमछे से गला कसा था, सिर के पीछे गहरी चोट के निशान थे। घटना स्थल से कुछ दूर दीनापुर-तुलसीपुर मार्ग पर उसकी साइकिल मिली। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कुछ संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही है।
तुलसीपुर गांव निवासी किसान रामा बिंद (65) शनिवार की शाम घर से दीनापुर बाजार से गेंहू का बीज लेने के लिए साइकिल से निकले थे। शाम 6.30 बजे तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रातभर परिवार के लोग मोबाइल पर फोन करते रहे, लेकिन रिसीव नहीं हो रहा था। सुबह गांव के लोग दीनापुर- तुलसीपुर मार्ग पर टहलने निकले थे। उन्हें किसान की साइकिल पड़ी मिली। ग्रामीणों को आशंका हुई तो कुछ दूर स्थित धान के खेत की तरफ बढ़े। वहां रामा बिंद का शव पड़ा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के गले को उसी के गमछे से कसा गया था। सिर के पीछे गहरी चोट के निशान थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी ने हत्या के बाद शव को धान के खेत में फेंक दिया होगा और साइकिल को वहां से कुछ दूर ले जाकर मार्ग पर फेंक दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जहां रामा बिंद हत्या कर शव फेंका पड़ा था। वहां घटना से पहले तीन चार लोग बैठकर शराब पी रहे थे। लोगों ने आशंका जताई कि हो सकता है, हत्यारे घात लगाकर धान की खेत में छुपे हो और किसान की हत्याकर निकल गए हो। थानाध्यक्ष दिनेश चंद्र पटेल ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी सुधाकर पांडेय ने बताया कि जल्द ही किसान हत्याकांड का पर्दाफाश होगा। कुछ संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की जा रही है।
झाड़फूंक का काम करते थे मृतक रामा बिंद
करंडा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रामा बिंद झाड़फूंक का काम करते थे। गांव के कुछ युवकों ने झाड़फूंक को लेकर दो -तीन बार मारपीट करने के साथ जानलेवा हमला किया था। यहीं नहीं दूसरे गांव के लोग भी झाड़फूंक को लेकर कई बाद रामाबिंद पर जानलेवा हमला कर चुके थे। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन करने के साथ हत्यारोें को चिह्नित करने में जुटी है।