सड़क दुर्घटना स्वामीनाथ गिरी की मौत के बाद दुर्खुर्शी गांव में रोती बिलखती पत्नी सुशीला देवी व
मरदह। थाना क्षेत्र के महाहर धाम चौराहे के पास रविवार की रात अज्ञात वाहन ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। इससे वृद्ध किसान की मौत हो गई। बाजार से वापस घर जा रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। दुर्खुशी गांव निवासी और पूर्व प्रधान नामीनाथ गिरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बड़े भाई किसान स्वामीनाथ गिरी (66) मरदह बाजार से अपना कार्य निपटाकर बाइक से घर आ रहे थे। चौराहे के पास जैसे ही पहुंचे, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते चालक वाहन लेकर भाग गया। टक्कर से बाइक समेत बड़े भाई करीब 10 फीट दूर जा गिरे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी लाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी सुशीला देवी सहित परिजनों के रोने- बिलखने से ग्रामीणों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे थे। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुकदमा दर्जकर वाहन को चिह्नित करने के साथ चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।