कोतवाली क्षेत्र के जामापुर गांव में फसलों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल से प्लास्टिक का पाइप बिछाते समय करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी अशोक चौहान (32) गांव के पूर्व में स्थित अपने ट्यूबवेल पर पहुंचा। इसके बाद वह खेत में लगे धान की फसल की सिंचाई करने के लिए प्लास्टिक का पाइप बिछाने लगा। ट्यूवबेल से करीब 200 मीटर दूरी पर जैसे ही वह पहुंचा था कि भूमि के नीचे से जा रहे विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट की चपेट में आने से युवक की झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई। शाम करीब चार बजे ग्रामीण जब अपने खेत के तरफ जा रहे थे तो उनकी नजर युवक पर पड़ी। शोर मचाने पर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इधर हादसे की जानकारी होते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल श्यामजी यादव ने बताया कि करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।