कासिमाबाद। थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी एक किसान की शुक्रवारदेर रात डीसीएम से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। उधर हादसे के बाद चालक भागने लगा। लेकिन कुछ दूर आगे बढ़ते ही एक पेड़ से जा टकराया। जिसमें डीसीएम क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वह वाहन छोड़ कर भागने लगा। तभी पुलिस ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। इस मामले में मृतक के बेटे की तहरीर पर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे संबंधित धाराओं में चालन कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के बहरामपुर निवासी किसान रामजीत यादव (48) रोज की तरह शुक्रवार की रात करीब दस बजे खाना खाने बाद सड़क पर टहल रहे थे। इसी बीच जिला मुख्यालय से तेज रफ्तार आ रही डीसीएम की चपेट में आ गए। इससे किसान की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत भागने लगा। कुछ दूर जाने के बाद वह अनियंत्रित हो एक पड़े से टकरा गया। वहां डीसीएम को छोड़कर वह पैदल ही भागने लगा। इसी बीच पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उधर हादसे की सूचना मिलते ही कासिमाबाद- गाजीपुर मार्ग पर सैकड़ों लोग जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृत रामजीत के शव को दूसरे दिन पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने चालक रामपाल यादव निवासी आसूरनगर थाना घाटमपुर जनपद कानपुर को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। उधर मृतक की पत्नी उर्मिला यादव और उसे दोनों बेटों संजय यादव (28) और संतोष (26) का रोते-रोते बुरा हाल है। मृतक की दो बेटियां शीला और पूनम भी घटना की जानकारी होने बाद रोने-बिलखने लगी। पिता की मौत के बाद पुत्र संतोष की तहरीर पर चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।