रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के अठहठा गांव में शुक्रवार की सुबह सीढी पर चढते समय पैर फिसलने से गिरकर किसान मुकेश यादव (30) की मौत हो गई। थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि गांव निवासी अवधेश यादव ने तहरीर देकर जानकारी दी कि मुकेश यादव दो भाइयों में छोटे थे और घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। बृहस्पतिवार को मुकेश यादव मांगलिक कार्यक्रम के सिलसिले में उतरौली स्थित फूफा मुन्ना यादव के घर गए थे, जहां से मिठाई बनवाकर वह शुक्रवार सुबह घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वह छत पर सोने के लिए सीढ़ी से ऊपर चढ़ रहे थे।
इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह आंगन में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।