गाजीपुर। जिले के 1378 अन्नदाताओं का ऋण माफ होगा। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर कृषि विभाग ने रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जबकि 2500 आवेदन आए थे, जिसमें 1470 किसान पात्र पाए गए थे। सूची भेजने के बाद शासन ने इसे पुन: सत्यापन कराने का निर्देश दिया, जिसमें 1378 पात्र मिले। जबकि 92 किसानों के खाते में ऋण माफी के लिए धनराशि आ चुकी थी। अब तक जिले में किसान ऋण मोचन योजना के तहत 58 हजार किसान लाभान्वित हो चुके हैं। 2017 में किसान ऋण मोचन योजना की शुरूआत हुई थी। ऋण माफी के लिए एक लाख 14 हजार किसानों ने आवेदन किया था। इसमें 58 हजार किसान लाभान्वित हो गए, जबकि शेष 56 हजार अन्नदाता अपात्र पाए गए थे। इसके बाद 2019 में ऋण माफी के लिए 2500 किसानों ने आवेदन किया था। इस पर कृषि विभाग की टीम ने आवेदन के मुुताबिक एक-एक किसानों का जब सत्यापन बैंकवार किया तो 1470 पात्र पाए। इनकी ऋण माफी के लिए सूची शासन को भेजी। जहां से दूसरी बार सत्यापन कर रिपोर्ट भेजने का निर्देश मिला। कृषि विभाग की ओर से जब पुन: बैंकवार सत्यापन किया गया तो पता चला कि 92 किसानों के खाते में शासन की ओर से ऋण माफी के लिए धन भेजा जा चुका है। इसके बाद पुन: सत्यापन कर सूची शासन को भेजी। अब शासन की ओर से इनके खातों में ऋण माफी की धनराशि भेजी जाएगी। जिला कृषि अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने बताया कि किसान ऋण मोचन योजना के तहत पुन: सत्यापन में 1378 किसान पात्र मिले, जिनकी सूची ऋण माफी के लिए शासन को भेज दी गई है। अब इनके खातों में शासन धनराशि उपलब्ध कराएग।