गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा बस स्टैंड के पास एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी के जांच अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को दो दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान करीब 60 पंखे और 30 मिक्सर ग्राइंडर बरामद किए गए जिस पर विभिन्न कंपनियों के स्टीकर लगे थे। जांच अधिकारी ने पुलिस को तहरीर दी है।
एक कंपनी के जांच अधिकारियों की टीम की शिकायत पर भदौरा बस स्टैंड स्थित दो अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान एक दुकान से बरामद 30 पंखे पर कंपनी का स्टीकर लगा हुआ मिला, जबकि दूसरे दुकान से 30 पंखा और 30 ग्राइंडर मिले । इन पर कंपनी के स्टीकर लगे थे। जांच टीम ने संबंधित दोषी दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट के तहत मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी है।
उधर दुकानदारों का आरोप है कि एक व्यक्ति विशेष के द्वारा दो दिन पहले ही ग्राहक बनकर दुकान पर पंखा एवं मिक्सर ग्राइंडर की डिमांड की गई थी। इसके द्वारा दोनों दुकानदारों को 1000 और 3000 रुपये एडवांस भुगतान किया था। सुबह करीब 11 बजे दुकान पर पहुंचे उस व्यक्ति ने खुद ही सभी पंखों पर जानबूझकर स्टीकर लगाया। जब रोका गया तो उसने बताया कि मुझे यह पंखे एनजीओ के माध्यम से वितरित करने हैं, इसलिए स्टीकर लगाया जा रहा है। बाद में वह टेंपो लेकर आने का बहाना बनाकर वहां से फरार हो गया।
जांच टीम के अधिकारी मनीष गुप्ता ने बताया कि लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि भदौरा के दुकानदारों के द्वारा अवैध रूप से कंपनी का स्टीकर लगाकर नकली प्रोडक्ट बेचा जा रहा है। इसकी शिकायत पर पुलिस से शिकायत की गई थी, जिसपर छापा मारा गया। इसमें दो दुकानदारों के पास से सामान बरामद हुए हैं।
इस संबंध में प्रभारी कोतवाल अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है पुलिस के सहयोग से छापेमारी की कार्रवाई हुई है। तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।