सिटी रेलवे स्टेशन पर एक तरफ यात्री सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में कार्य हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ वर्तमान में मौजूद सुविधाओं का बुरा हाल है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित शौचालय का इस्तेमाल करने का शुल्क दो रुपये
निर्धारित है जबकि पांच रुपये वसूले जा रहे हैं। रेट बोर्ड पर यह स्पष्ट लिखा है कि शौच और स्नान का पांच रुपये और सिर्फ शौचालय का इस्तेमाल करने का शुल्क दो रुपये है। इनका इस्तेमाल करने पर अधिक शुल्क लेने पर यदि कोई यात्री
आपत्ति जताता है तो वहां तैनात कर्मचारी विवाद करने पर उतारू हो जाते हैं। यह स्थिति तब है जब जिले के सांसद मनोज सिन्हा रेल राज्य मंत्री हैं और आए दिन रेल अधिकारी स्टेशन का निरीक्षण करने आते रहते हैं।
शुक्रवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आए कठवामोड़ गांव निवासी राजीव, फुल्लनपुर निवासी शशिकांत, महराजगंज निवासी दिनेश गुप्ता, कांधरपुर निवासी रामभवन यादव और मंगला शर्मा ने बताया कि शौचालय का इस्तेमाल
करने पर दो की जगह पांच रुपये वसूल किया जाता है जबकि शौचालय का इस्तेमाल करने के साथ स्नान करने पर पांच रुपये का शुल्क निर्धारित है। रेट सूची पर यही रेट दर्ज है। इसको लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हुई। शिकायत करने पर
स्थानीय रेलवे अधिकारी चुप्पी साध लिए। सबसे अधिक परेशानी का सामना तो महिलाओं को करना पड़ता है। महिलाओं के लिए अलग से शौचालय की व्यवस्था होने के बाद भी शौचालय के दरवाजे पर हमेशा ताला लटकता रहता है।
शिकायत की वह अपने स्तर से जांच कराएंगे। अगर निर्धारित रेट सूची से अधिक वसूली की जा रही है तो यह गलत है। जांच में जो दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अशोक कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी मंडल