मुहम्मदाबाद। ब्लॉक कार्यालय परिसर में मंगलवार को ग्रामीण रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित हुई। इस मौके पर मनरेगा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। ब्लॉक क्षेत्र में मनरेगा की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रभारी बीडीओ/एडीओ ग्राम विकास संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी ने बीते रविवार को ब्लॉक का निरीक्षण किया था। इस दौरान शासन की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा में मनरेगा की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की गई थी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर कार्यों में सुधार नहीं दिखा तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तेज धूप और गर्मी के कारण काम कराने में दिक्कत होने की जानकारी दी। बैठक में एपीओ नीतेश कुमार सिंह, तकनीकी सहायक सहजा राय, अरुण कुमार श्रीवास्तव, प्रेम सिंह, रोजगार सेवक नागेंद्र यादव, चंद्रप्रकाश राय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।