सैदपुर/औड़िहार। बलुआ कोतवाली क्षेत्र के चंदौली-सैदपुर मार्ग पर शनिवार की देर शाम कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के भाई ने तहरीर दी।
मालूम हो कि सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के तरांव गांव निवासी शौकत अली (28) बाइक से चंदौली किसी कार्य से गया हुआ था। काम होने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान देर शाम करीब सात बजे बलुआ कोतवाली क्षेत्र स्थित सेतु पर बाइक की सामने से आ रही कार से आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे शौकत गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घो षित कर दिया। सूचना मिलने पर सैदपुर कोतवाली पुलिस शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। दुर्घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। दुर्घटना के बाद भाग रहे कार को चालक सहित बलुआ कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। इस संबंध में सैदपुर के सीओ रामबहादुर सिंह ने बताया कि मामला बलुआ कोतवाली क्षेत्र का है, इसलिए शव को वहां की पुलिस को सौंप दिया। बलुआ कोतवाल एएन सिंह ने बताया कि घटना स्थल बलुआ में है, इसलिए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के भाई हैदर ने तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।