गाजीपुर। उत्तर प्रदेश दिवस पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ राइफल क्लब परिसर में रविवार को किया गया। इस दौरान तहसीलवार प्रदर्शनी लगाकर लोगों तक सरकारी योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमानिया की विधायक सुनीता सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने फीटा काटकर कर किया। विधायक ने कहा कि सरकारी योजनाओं की जानकारी इसी तरह प्रदर्शनी लगाकर लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए। इसके लिए तहसीलवार प्रदर्शनी आयोजित की जाए। उन्होंने सरकार की ओर से दी जा रही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहंचाने की बात भी कही। पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने आमजनों का आह्वान किया कि वह सरकारी योजनाओं का लाभ लें। किसी परेशानी की दशा में जिला प्रशासन उनकी मदद करेगा। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी कपिलदेव राम, परियोजना निदेशक विजय प्रकाश वमा़, दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, अजय कुमार गुप्ता सहायक उपायुक्त जिला उद्योग केन्द्र, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार,डीआईओएस डा. ओपी राय समेत कई कर्मचारी उपस्थित थे। संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाषचंद्र प्रसाद ने किया।