गाजीपुर। छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने के उद्देश्य से राजकीय, एडेड और नान एडेड माध्यमिक विद्यालय की जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी 19 जनवरी को आदर्श इंटर कालेज महुआबाग में होगी। प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए 30 विद्यालयों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। विजेताओं को सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों में पुरस्कार दिया जाएगा। छात्र विज्ञान प्रदर्शनी के लिए जलवायु परिवर्तन के कारण एवं परिणाम, जैव विविधता, मानव कल्याण में जीवन विज्ञान, वैकल्पिक ऊर्जा, सूचना और परिवहन प्रौद्योगिकी तथा गणित-भौतिक विज्ञान एवं खेल विषय पर आधारित माडल प्रस्तुत करेेंगे। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के वित्त एवं लेखाधिकारी आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रथम तीन स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा दोनों वर्गों में पांच-पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव ने बताया कि प्रदर्शनी से छात्रों में सृजनात्मक क्षमता का विकास होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यो को निर्देश दिया है कि विज्ञान प्रदर्शनी में वे अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।