क्षेत्र के हसनपुरा गांव के पास मंगलवार की सुबह बोलेरो की टक्कर से घायल साइकल सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रही बोलेरो को ग्रामीणों ने चालक सहित पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक और गाड़ी को थाने ले आई। दोषी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ग्रामीणों ने थाने के बाहर हंगामा किया।
हसनपुरा गांव निवासी पूर्व सैनिक योगेंद्र प्रसाद राय (63 वर्ष) आज सुबह साइकल से खेत पर जा रहा थे। इसी बीच गांव के ही पास दिलदारनगर की तरफ तेज रफ्तार से जा रही बोलेरो ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से योगेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर छटपटाने लगे। आसपास मौजूद लोग टक्कर मारने वाली गाड़ी को चालक सहित पकड़ लिया। नाराज लोगों ने चालक की जमकर धुनाई कर दी।
लोगों ने घटना की सूचना 108 नंबर की एंबुलेंस को दी। सूचना के काफी देर बाद भी जब एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची तो घायल के परिवार के लोग निजी साधन से उन्हें सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने योगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव के साथ ही चालक और वाहन को कब्जे में लेकर थाना लाई। इस बीच मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस के साथ ही दर्जनों ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। दोषी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज में आनाकानी करने पर ग्रामीणों ने पुलिस के विरुद्ध हो-हल्ला किया। ग्रामीण रिपोर्ट दर्ज होने पर ही थाने से हटने की जिद पर अड़े थे। लोगों का गुस्सा देख पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद ग्रामीण थाना से लौटे। पूर्व सैनिक की मौत की जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया।