ईजरी गांव में अपने मामा के घर आए सात साल विशाल यादव के लापता होने के 17 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इससे आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-24 को जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद थाना प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
सोमवार को पुलिस को तहरीर देकर ईजरी गांव सुब्बा यादव ने बताया था कि बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी सिहोरता गांव का निवासी उनका भांजा विशाल यादव उनके घर आया था। सोमवार की शाम को वह पास के गांव में भागवत कथा सुनने गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। बच्चे के लापता होने से मां रूपनीना समेत पूरा परिवार सदमे में है। सुब्बा के अनुसार विशाल दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा है और कक्षा तीन में छात्र है। ग्रामीणों के प्रदर्शन और हाईवे जाम की सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय मौके पर पहुंच गए। वहीं, हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों, यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय ने जल्द से जल्द बच्चे को खोजने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जाम समाप्त करा दिया गया है और लापता बच्चे को खोजने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही बच्चे को खोज लिया जाएगा।