एनटीपीसी सिंगरौली के नए कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव।स्रोत संस्थान
एनटीपीसी सिंगरौली को इं. प्रभाकर राव के रूप में नया नेतृत्व प्राप्त हुआ। ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी एवं दूरदर्शी प्रबंधक इं प्रभाकर राव ने परियोजना के कार्यकारी निदेशक के रूप में मंगलवार की शाम कार्यभार ग्रहण किया। उन्हें विद्युत क्षेत्र में लगभग 37 वर्षों का व्यापक अनुभव है। वर्ष 1989 में एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु के रूप में उन्होंने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए विंध्याचल, पश्चिमी क्षेत्र मुख्यालय (मुंबई), दक्षिणी क्षेत्र मुख्यालय (हैदराबाद), उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (लखनऊ) और कॉर्पोरेट सेंटर नई दिल्ली/नोएडा सहित अनेक इकाइयों एवं कार्यालयों में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। राव को विद्युत उत्पादन एवं प्रबंधन के विविध क्षेत्रों ऑपरेशन, कमीशनिंग एवं टेस्टिंग, दक्षता प्रबंधन, वाणिज्यिक गतिविधियों, नियामकीय मामलों, बिलिंग एवं अकाउंटिंग, वाणिज्यिक समन्वय तथा कॉर्पोरेट योजना में कार्य करने का व्यापक अनुभव है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत प्रभाकर राव ने कहा कि सुरक्षा, उत्कृष्ट प्लांट प्रचालन, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार, पर्यावरणीय दायित्वों का प्रभावी निर्वहन तथा कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।