फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उमंग और उत्साह से मनी होली

Thu, 24 Mar 2016 09:11 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,गाजीपुर
विज्ञापन
होली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली उमंग और उत्साह के साथ बुधवार और गुरुवार को मनाया गया। सुबह से रंगों की बौछार का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह दोपहर बाद तक जारी रहा। त्योहार की खुमारी खासकर बच्चों और युवाओं के सिर चढ़कर बोली। मुहल्ले से आने-जाने वाले लोगों को उन्होंने रंगों से खूब सराबोर किया।
विज्ञापन


तेज आवाज में होली गीतों पर लोग जमकर झूमे। शाम को एक-दूसरे के घर जाकर मिलने-जुलने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह रात तक बना रहा। इस दौरान लोगों ने त्योहार के स्वादिष्ट व्यंजनों गुझिया, पापड़, चिप्स आदि का आनंद भी उठाया।

सुबह आठ बजे से टोली में युवाओं के निकलने का क्रम शुरू हो गया था। जगह-जगह डीजे पर तेज आवाज में बज रहे होली गीतों पर झूमते लोग अबीर-गुलाल की बौछार करते रहे। छोटे-बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। एक तरफ जहां युवा बाहर होली खेलने में व्यस्त थे, वहीं महिलाओं ने घरों के अंदर ही एक-दूसरे पर रंगों की बारिश की।
विज्ञापन


शहर की कोई ऐसी सड़क नहीं बची थी, जो रंगों से सराबोर नहीं थी। दोपहर तक रंग खेलने का सिलसिला जारी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व की धूम रही। डीजे के साथ युवा नाचते-गाते लोगों के दरवाजे-दरवाजे पहुंचे और जमकर रंग खेले। कई गांव में ग्रामीणों ने झाल-मजीरा के साथ होली का गीत गाकर पर्व की खुशियां मनाई। मुहम्मदाबाद, सैदपुर, कासिमाबाद, भांवरकोल, करीमुद्दीनपुर, जंगीपुर, बिरनो, दुल्लहपुर, जमानिया, मतसा, गहमर, भदौरा, जखनिया, दिलदारनगर, खानपुर, औड़िहार, देवकली, नंदगंज, सहेड़ी, बहरियाबाद, शादियाबाद, करंडा, सादात, दुबिहा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली परंपरागत तरीके से मनाया गया।

 होली पर दोपहर बाद रंग खेलने पर विराम लग गया। इसके बाद लोगों ने स्नान कर नए पोशाक धारण किया। शाम को लोग एक-दूसरे के घर पहुंचे और अबीर-गुलाल लगाकर एवं गले मिलकर पर्व की बधाई दी। इस दौरान लोगों ने गुझिया, चिप्स, पापड़ सहित अन्य लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया। शाम चार बजे से मिलने-जुलने का जो क्रम शुरू हुआ, वह देर रात तक जारी रहा।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें