गाजीपुर। कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होने वाली है। यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से डीएम अनुपम शुक्ला और एसपी डॉ. ईराज राजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ मार्ग पर झूलते हुए विद्युत तारों और सड़कों को तत्काल ठीक कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगा जल लेकर गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्नान, जल भरने, आवागमन और ठहरने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने घाट एवं कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए घाट पर नावों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त व झुके हुए विद्युत पोलों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित होना चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा का सामना न करना पड़े। इधर, एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। घाट एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस की तैनाती, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ईओ डीके राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।