गाजीपुर। हरियाणा से कम दाम पर अंग्रेजी शराब खरीदकर लग्जरी वाहनों से बिहार में बिक्री करने वाले चार अंतरराज्यीय शातिर तस्करों को जंगीपुर पुलिस ने शुक्रवार की शाम अरशदपुर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही चार लाख की 380 लीटर अंग्रेजी शराब, एक तमंचा, एक कारतूस, चार फर्जी नंबर प्लेट और घटना में प्रयुक्त दो लग्जरी कार भी बरामद किया। सीओ सिटी सुधाकर पांडेय ने शनिवार को पत्रकार वार्ता आयोजित कर मिली सफलता की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जंगीपुर थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। वहीं अरशदपुर तिराहा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान दो लग्जरी कार आती दिखाई पड़ी। पुलिस ने वाहनों की जांच की तो दोनों कार से 380 लीटर हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वहीं चार शराब तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम हरियाणा प्रांत के झज्जर जनपद स्थित लाइनपार थाना के वत्स कालोनी निवासी शनि, बहादुरगढ़ गांव निवासी मोहित कुमार, सोनीपत जनपद के राई थाना के राई गांव निवासी सागर और विकास कुमार उर्फ विक्की बताया। तस्करों ने बताया कि हरियाणा से कम दामों में शराब खरीदकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होते हुए गाजीपुर के रास्ते बिहार ले जाकर बेचते हैं, इससे काफी मुनाफा होता है। यह कार्य जीविकोपार्जन के लिए काफी दिनों से कर रहे हैं। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार का शराब तस्करों के खिलाफ हरियाणा, सोनभद्र और हरियाणा में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। तस्करी में इनके साथ और कितने लोग है, इसकी छानबीन चल रही है। जल्द ही ऐसे तस्करों को गिरफ्तार सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।