संवाद न्यूज एजेंसी मरदह (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के नरवर निवासी राघवेंद्र चतुर्वेदी को हालही में आठ अगस्त को एक पत्र मिला। जिसमें लिखा है कि मुकदमा खत्म कर दो और 50 लाख रुपये दो, नहीं तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे।
इस संबंध में पीड़ित ने भरत कुमार राय के खिलाफ शुक्रवार देर शाम को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष पवन उपाध्याय ने प्राथमिकी दर्ज करके बताया कि सुहवल थाना क्षेत्र के गरुआ मकसूदपुर निवासी भरत कुमार राय शहर के एक कॉम्प्लेक्स में तीन फर्जी कंपनियों को खोलकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
इसके खिलाफ शहर कोतवाली में पहले भी धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। आरोपी एक कॉम्प्लेक्स में खुद डायरेक्टर दिखाकर तीन कंपनियों का ऑफिस संचालित कर तमाम निवेश के नाम पर रुपये हड़प लिए। यह मुकदमा वर्तमान में सीजीएम न्यायालय में चल रहा है।
आरोप लगाया कि आरोपी ने मुकदमा खत्म करने के लिए आठ अगस्त को एक चेतावनी भरा पत्र भेजा। इसमें लिखा था कि उक्त मुकदमा खत्म कर दो और 50 लाख रुपये रंगदारी भी मांगा है। पैसा न देने पर पूरे परिवार को जान मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने हालही में जानलेवा हमला भी कराया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पर शहर कोतवाली सात, जंगीपुर में एक, सुहवल में एक और प्रयागराज कोतवाली के अलावा नंदगंज, चिनहट लखनऊ, भांवरकोल, मऊ सरायलखंसी सहित 20 प्राथमिकी दर्ज हैं।