युसुफपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से जेसीबी मशीन से हटाया जा रहा अतिक्रम। संवाद
गाजीपुर-बलिया रेल मार्ग पर स्थित यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रेलवे प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे की जमीन पर हुए अस्थायी निर्माण और अन्य अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया।
अभियान के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकृत दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें बंद कर दीं और वह तमाशबीन बने रहे। गाजीपुर से आए आईओडब्ल्यू कमलेश कुमार के नेतृत्व में रेल कर्मियों की टीम बुधवार को बुलडोजर के साथ यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। टीम ने सर्कुलेटिंग एरिया में किए गए अतिक्रमण को हटाना शुरु किया। अवैध रूप से ठेला लगाकर दुकान चलाने वाले दुकानदार टीम को देखते ही भागने लगे। अभियान के दौरान पूर्वी छोर पर काफी समय से बने अवैध अस्थायी निर्माण और झोपड़ियों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। अतिक्रमण करने वाले लोग अपनी झोपड़ियों में रखा सामान हटाने में लगे थे।
अभियान में आरपीएफ प्रभारी प्रियंबू प्री और जीआरपी प्रभारी विमलेंदु कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर मौजूद थे। आईओडब्ल्यू ने बताया कि यह अभियान जारी रहेगा। रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी लगाया जाएगा।