गाजीपुर। सैदपुर में युवा परिषद की ओर से रविवार को पूर्व विधायक सुभाष पासी के कार्यालय में युवाओं के हाथ में राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समरसता की कमान विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं की भूमिका के साथ ही समाज में आपसी भाईचारा और हिंदू-मुस्लिम एकता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में हिंदू युवाओं के साथ मुस्लिम समाज के युवक भी शामिल हुए। सभी ने सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया। मुख्य वक्ता विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव ने कहा कि देश के विकास और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को जाति, धर्म और संप्रदाय की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने की आवश्यकता बताई गई। इस मौके पर डॉ. मृदुला जायसवाल, डॉ. अर्चना भारतवंशी, नौशाद अहमद, नीलमणि सिंह, विश्वजीत सिंह, गौरव, वैभव सिंह, बृजेश मौर्य, विवेकानंद कन्नौजिया, नागेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता विवेकानंद सिंह व संचालन आयोजक अजय सिंह तथा भोला गुप्ता ने किया।