गाजीपुर। नगर के एक हिस्से में छह घंटे से अधिक समय तक बत्ती गुल रही। इसके कारण 10 हजार से अधिक आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे। उपभोक्ताओं को बार-बार जानकारी लेते देखा गया।
नगर के लोटन इमली बिजली उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में मंगलवार को सुबह 11 बजे से बिजली कटौती की गई। इसके कारण नगर के लोटन इमली, नवाबगंज, उर्दू बाजार, नवाब साहब का फाटक, टेढ़ी बाजार, झंडातर, खोदाईपुरा, नखास, लकड़ी का टाल, तुलसी का पुल, चीतनाथ, सन बाजार आदि मोहल्ले प्रभावित रहे। शाम को 5 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। संबंधित मोहल्लों के उपभोक्ता बिजली कब आएगी, इसको लेकर अपने स्तर से जानकारी प्राप्त करने की कोशिश करते हुए देखे गए। लेकिन, उपभोक्ताओं को संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पा रही थी। सबसे अधिक दिक्कत घरों में रहने वाली महिलाओं को हुआ। लोगों में इस बात को लेकर रोष था कि बिजली कटौती की पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी। वहीं बिजली निगम के अभियंताओं का कहना है कि लोटन इमली बिजली उपकेंद्र पर लोड अधिक है। वहां पर नया फीडर बनाने का कार्य चल रहा है। इसी कारण बिजली कटौती की गई थी। लोटन इमली बिजली उपकेंद्र के प्रभारी जेई प्रमोद यादव ने बताया कि नये फीडर के निर्माण को लेकर शटडाउन लिया गया था।
नगर से सटे रौजा के हनुमानगढ़ी में जर्जर खंभे लटके हुए हैं। रौजा शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल है। इसके बावजूद बिजली निगम लापरवाह बना हुआ है। बिजली निगम के रवैये को देखते हुए लोग यही कह रहे है कि निगम को शायद किसी हादसे का इंतजार है।