हाईटेंशन तार में फाल्ट आने से तिवारीपुर में टूटे क्लास आर्मलाक के मरम्मत में जुटे विभागीय कर्मी ?
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। जिले में विभागीय उदासीनता के कारण हाईटेंशन तारों के टूटकर गिरने एवं शार्ट-सर्किट के बाद भारी क्षति पहुंचाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। दो दिनों से हाईटेंशन (33 हजार वोल्ट) तार में फाल्ट आने से दर्जनों गांवों की आपूर्ति 13 घंटे तक बंद रही। इसके एक दिन पहले भी पांच घंटे तक आपूर्ति बंद थी। चौबीस घंटे के अंदर लगातार दूसरी बार ढढनी और ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र के तहत आने वाले दस फीडरों के करीब चालीस गावों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। वजह तिवारीपुर गांव के पास हाईटेंशन 33 हजार विद्युत आपूर्ति लाइन का क्लास आर्म बृहस्पतिवार की देर रात तेज धमाके के साथ टूट गया। संयोग था कि घटना के दौरान कोई मौजूद नहीं था नहीं तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। अवर अभियंता शशिकांत पटेल, दुर्गविजय प्रसाद, बाबू खान, संजय यादव, पप्पू, सद्दाम, रामकृत ने कड़ी मशक्कत के बाद मरम्मत कार्य पूर्ण किया। तब जाकर करीब साढ़े बारह बजे तेरह घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। मालूम हो कि बीते 14 जनवरी की भोर में बेटाबर व ढढनी के बीच हाईटेंशन विद्युत लाइन में फाल्ट आने से करीब पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही। लोगों का कहना है कि ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता की उदासीनता के कारण आए दिन फाल्ट से लोगों को जुझना पड़ रहा है।